बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर अभिभाषक संघ चुनाव को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने राज्य अधिवक्ता परिषद, इंदौर अभिभाषक संघ और निर्वाचन मंडल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
यह याचिका कार्यकारिणी पद के प्रत्याशी दिनेश मैहर की ओर से अभिभाषक विनोद चौहान ने दायर की थी। याचिका में इंदौर अभिभाषक संघ चुनाव के कार्यकारिणी सदस्य की मतगणना में धांधली का आरोप लगाया गया है।
याचिका के अनुसार, कुल 3558 मत डाले गए थे, जिनमें से 86 निरस्त हो गए। एक मतदाता कार्यकारिणी सदस्य के छह सदस्यों के लिए मतदान कर सकता था। इस हिसाब से कुल 20832 मत होने चाहिए थे, लेकिन प्रत्याशियों को 21155 मत प्राप्त हुए। यह संख्या डाले गए मतों से 323 अधिक है।
इस धांधली की शिकायत मतगणना के दौरान और मतगणना के बाद भी निर्वाचन अधिकारी से करते हुए पुनर्गणना की मांग की गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। राज्य अधिवक्ता परिषद को भी शिकायत की गई थी, परंतु वहां से भी कोई कदम नहीं उठाया गया। याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने सभी पक्षों को नोटिस जारी करते हुए उनसे जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होगी।

