BREAKING NEWS
2026-08-04

मध्य प्रदेश में यात्री बसों का किराया 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ेगा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में यात्री बसों का किराया इसी माह से 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। वर्तमान में किराया सवा रुपये प्रति किलोमीटर की दर से निर्धारित है, जिसे बढ़ाकर डेढ़ से पौने दो रुपये प्रति किलोमीटर तक किया जा सकता है। परिवहन विभाग ने इसी माह इसकी अधिसूचना जारी करने की तैयारी की है।

Advertisement

बस ऑपरेटरों की किराये में वृद्धि सहित सात मांगों के संबंध में सोमवार को मंत्रालय में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन और उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू शामिल हुए।

संगठन ने किराया ढाई रुपये प्रति किलोमीटर करने की मांग रखी। इस पर मंत्री और अधिकारियों ने बताया कि किराया बोर्ड की बैठक में इसमें वृद्धि का निर्णय पहले ही हो चुका है और जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी हो जाएगी।

बस संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुगम परिवहन सेवा के लिए मार्गों का राष्ट्रीयकरण करने का विरोध किया। उन्होंने यह भी मांग की कि बसों की 15 वर्ष की आयु सीमा समाप्त की जाए और जिस तारीख तक फिटनेस मान्य है, तब तक बसों के संचालन की अनुमति दी जाए।

इससे पहले, 26 जुलाई को सागर में सभी जिलों के बस मालिकों की बैठक हुई थी, जिसमें सात अगस्त की रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय लिया गया था। हालांकि, सोमवार को हुई बैठक के बाद बस संगठनों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है।