बुलंद सोच, रतलाम।
रतलाम में सोमवार को हिंदू समाज के लोगों ने उत्तर प्रदेश के मौलाना जर्जिस अंसारी द्वारा दिए गए विवादित बयानों के विरोध में प्रदर्शन किया। मौलाना ने भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, और इससे पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर भी उनके बयान पर विवाद हो चुका है।
मित्र निवास रोड पर कांवड़ यात्रा के स्वागत से पहले मौलाना जर्जिस अंसारी के फोटो वाले पोस्टर लगाए गए, जिन पर ‘मुर्दाबाद’ लिखा था। बिलपांक स्थित विरुपाक्ष महादेव मंदिर जा रही कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए इन पोस्टरों के ऊपर से गुजरकर अपना विरोध जताया।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मौलाना के खिलाफ कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। सूचना मिलने पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, एसआई मुकेश सस्तिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर नजर रखी।
हिंदू समाज के प्रकाश सांवरिया ने कहा कि किसी भी धर्म के आराध्यों पर आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को हिंदू धर्मग्रंथों की जानकारी चाहिए तो वह धर्माचार्यों से प्राप्त करे।
उल्लेखनीय है कि मौलाना जर्जिस अंसारी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह विवाद शुरू हुआ है। इस वीडियो में भगवान शिव, भगवान ब्रह्मा और शिवलिंग पूजा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का दावा किया जा रहा है।

