बुलंद सोच, भोपाल।
प्रदेश में फिलहाल मानसून का कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिस कारण वर्षा की रफ्तार थम गई है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम वर्षा दर्ज नहीं की गई।
इंदौर और ग्वालियर में महज 3 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि भोपाल में तेज धूप के बीच हल्की बौछारें पड़ीं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक वर्षा की गतिविधियां धीमी रहेंगी। इस दौरान केवल छुटपुट बौछारें पड़ने की संभावना है।
हालांकि, पूर्वी हिस्सों में 6 अगस्त से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। इस अवधि में ग्वालियर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
वर्तमान में मानसून द्रोणिका बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर पूर्व में मणिपुर तक गुजर रही है।
अगले पांच दिनों तक राज्य के तापमान और मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
मंगलवार को भोपाल में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान इस प्रकार रहा: भोपाल का अधिकतम तापमान 30.5°C और न्यूनतम तापमान 24.0°C रहा। इंदौर में अधिकतम तापमान 28.0°C और न्यूनतम तापमान 23.1°C दर्ज किया गया। ग्वालियर का अधिकतम तापमान 33.9°C और न्यूनतम तापमान 27.8°C रहा। वहीं, जबलपुर में अधिकतम तापमान 32.6°C और न्यूनतम तापमान 26.0°C दर्ज किया गया।

