बुलंद सोच, भोपाल।

प्रदेश में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। आसमान साफ रहने तथा तेज धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में दिनभर तीखी धूप के कारण लोगों को उमस और गर्मी का अनुभव हुआ।
राज्य के 20 जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 11 जिलों में पारा सामान्य से नीचे रहा। धार में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था।
रात के तापमान में भी उछाल देखा गया। उमरिया में न्यूनतम पारा 21.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.0 डिग्री अधिक था। वहीं, टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा की संभावना
मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि वर्तमान में आसमान साफ होने के बावजूद पूर्वी मध्य प्रदेश में 2 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है और उत्तर हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अतिरिक्त, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होकर गुजर रही है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी इलाकों में एक और दो अक्टूबर को हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में) इस प्रकार रहा: भोपाल में अधिकतम 33.6 और न्यूनतम 19.8; इंदौर में अधिकतम 34.3 और न्यूनतम 16.6; ग्वालियर में अधिकतम 33.0 और न्यूनतम 22.8; तथा जबलपुर में अधिकतम 33.1 और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य जानकारी
भोपाल में ‘पुष्पा’ स्टाइल में चंदन की तस्करी की जा रही है। स्वर्ण जयंती पार्क में पेड़ काटे जा रहे हैं और कलियासोत नदी के रास्ते इसकी आपूर्ति हो रही है।

