बुलंद सोच, रायसेन।
थाना क्षेत्र के नागिन मोड़ पर जंगल में जीजा एवं साली के शव एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूलते हुए मिले, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बाड़ी एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि सिलवानी तहसील के ग्राम बीकलपुर निवासी 38 वर्षीय रूपेश कुशवाह का उसकी शादीशुदा साली से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका उसकी पत्नी, परिजनों और सभी रिश्तेदारों द्वारा विरोध किया जा रहा था।
बताया गया है कि रविवार की शाम को रूपेश कुशवाह अपनी बाइक से साली को उसकी ससुराल ग्राम पठा पौड़ी से लेकर निकला था और दोनों ने मिलकर आत्महत्या कर ली।
जब देर रात तक दोनों घर नहीं लौटे, तो महिला के पति ने रात करीब 1 बजे सिलवानी थाने पहुंचकर उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे बाड़ी थाना क्षेत्र के नागिन मोड़ के पास राहगीरों ने दोनों के शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके हुए देखे और पास में एक बाइक खड़ी देखी, तो उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया और मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

