BREAKING NEWS
2026-08-05

मुरैना में सीवरलाइन पाइप से दबकर चार साल की बच्ची की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आने वाली सिंगल बस्ती में सोमवार सुबह एक हृदय विदारक घटना में सीवरलाइन के पाइप से दबकर चार साल की मासूम बालिका अंशिका उर्फ अंशू की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 10 बजे हुई।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र बाल्मीकि की बेटी अंशिका उर्फ अंशू अपने घर के बाहर खेल रही थी। घर के सामने सड़क किनारे सीवरलाइन का एक पाइप रखा हुआ था। अंशू खेलते-खेलते इस पाइप के ऊपर जाकर बैठ गई।

इसी दौरान पाइप लुढ़क गया, जिससे अंशू जमीन पर आ गिरी। लुढ़कता हुआ पाइप बच्ची पर चढ़ गया और वह उसके नीचे दब गई।

पास ही खेल रहे कुछ बच्चों की नजर दबी हुई अंशू पर पड़ी। जब तक उसे पाइप के नीचे से निकाला गया, तब तक वह दम तोड़ चुकी थी।

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मर्ग का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मृतक बालिका के परिजनों ने सड़क निर्माण करवा रहे ठेकेदार की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार बताया है।

पाइप हटाने को लेकर लापरवाही

सिंगल बस्ती की गलियों में सीवरलाइन कई साल पहले डाली जा चुकी है। जिस पाइप से अंशू की जान गई है, उसे करीब तीन महीने पहले सड़क और नाला निर्माण के कारण सीवरलाइन से निकालना पड़ा था।

सड़क निर्माण करवा रहे ठेकेदार ने पहले यह पाइप बाल्मीकि परिवारों के दरवाजे के पास रखवाया था। बच्चों के साथ हादसे के डर से स्थानीय लोगों ने इस पाइप को सड़क किनारे कर दिया था।

पाइप को रोकने के लिए कोई पत्थर या ईंट नहीं रखी गई थी, जिसके कारण अंशू के चढ़ते ही यह लुढ़क गया।

मृतक बच्ची के चाचा रघुवीर बाल्मीकि ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार से इस पाइप को हटाने के लिए कहा था, लेकिन ठेकेदार ने यह कहते हुए मना कर दिया था कि “नहीं हटेगा यहीं रहेगा।”