बुलंद सोच, रायसेन।
रायसेन जिले के छोटे से गांव कुंडाली के किसान के बेटे आदर्श लोधी की NEET-UG परीक्षा में सफलता का उल्लेख हाल ही में राज्यसभा में किया गया। आदर्श ने इस परीक्षा में 720 में से 680 अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया था। सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने अपने संबोधन के दौरान आदर्श की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया।
ग्राम कुंडाली निवासी किसान भगवान सिंह लोधी और रेवा बाई के पुत्र आदर्श ने इस उपलब्धि के लिए लगातार दो साल तक पुणे में रहकर कड़ी मेहनत की।
बम्होरी रेस्ट हाउस में आदर्श लोधी के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने आदर्श लोधी को फूल-मालाएं पहनाकर और बधाई देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि आदर्श की यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने इसे ग्रामीण परिवेश और किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आदर्श की सफलता गांव और आसपास के अन्य विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।

