बुलंद सोच, राजगढ़।
राजगढ़ जिले के कड़ियासांसी गांव में चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों और आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया।
इस पथराव की घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में दर्ज चोरी के एक मामले में फरार आरोपी को पकड़ने के लिए ललितपुर पुलिस की टीम बोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से कड़ियासांसी गांव पहुंची थी।
संयुक्त टीम में कुल 17 पुलिसकर्मी शामिल थे। आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई के दौरान उसके परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। घटना में ललितपुर पुलिस का एक और बोड़ा थाना के दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बोड़ा थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, हमला और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

