बुलंद सोच, जबलपुर।
शहर के कुछ होटलों में युवतियां देह व्यापार के लिए सप्लाई किए जाने के मामले में महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर चार आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित दीपक धानुक को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता को काम की तलाश थी। जुलाई के पहले सप्ताह में सदर वाजपेयी कंपाउंड निवासी दीपक धानुक ने उससे फोन पर संपर्क किया और अच्छा काम दिलाने का झांसा देकर उसे जबलपुर बुलाया।
महिला 11 जुलाई को शहर पहुंची, जिसके बाद दीपक उसे गोरखपुर स्थित होटल स्टायलो ले गया।
आरोप है कि अगले दिन दीपक ने उसे ग्राहक के साथ जाने के लिए कहा। महिला ने इसका विरोध किया तो उसे धमकाया गया।
इसके बाद दीपक के साथी अरविंद ने महिला से संपर्क किया और काम दिलाने के बहाने उसे होटल ढींगरा ले गया। वहां भी उसे जबरन देह व्यापार में धकेलने का प्रयास किया गया।
महिला के अनुसार, उसे बाद में होटल हिल्टन और फिर गढ़ा स्थित होटल अतिथि ले जाया गया, जहां भी उसके साथ जबरदस्ती की गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि इस पूरे मामले में दीपक, अरविंद, आकाश उर्फ शिवा और रोशनी नाम की महिला शामिल हैं।
महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जांच के दौरान सदर निवासी दीपक धानुक को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दीपक के मोबाइल की जांच में ग्राहकों से हुई बातचीत की चैट और युवतियों की तस्वीरें मिली हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपित दीपक ने शहर के कई होटलों में युवतियां भेजने की जानकारी दी है। इनमें होटल स्टायलो, होटल अतिथि, होटल वेलवेट, होटल हिल्टन, होटल डेजी, होटल रॉयल पैलेस, होटल आरविन दीनदयाल, होटल एयर, होटल ढींगरा, होटल बग्गा इन और होटल सुकून इन सहित अन्य होटल शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य आसपास के शहरों और दूसरे राज्यों से महिलाओं व युवतियों को काम दिलाने का झांसा देकर बुलाते थे और उन्हें देह व्यापार में धकेलते थे।
पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

