BREAKING NEWS
2026-07-31

कृषि मंत्री कंषाना ने केंद्र से मूंग उपार्जन लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

Advertisement

कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने सभी मुद्दों का शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

मंत्री कंषाना ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा मूंग खरीदी सहित अन्य विषयों पर आवश्यक कदम उठाए जाएँ।

कृषि मंत्री कंषाना ने किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं तथा सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना एवं उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

मंत्रालय में हुई बैठक के दौरान किसान प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा। इस पर कृषि मंत्री कंषाना ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

कृषि मंत्री कंषाना ने विश्वास व्यक्त किया कि आपसी संवाद और सकारात्मक प्रयासों से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में खरीदी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जाएगा।

इस मुलाकात के दौरान सचिव कृषि निशांत बरबड़े, कृषि विभाग के अधिकारी और किसान संगठन के प्रतिनिधि मण्डल उपस्थित रहे।

केंद्र से मूंग उपार्जन लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध

किसानों से चर्चा के बाद कृषि मंत्री कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग के उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का क्षेत्रफल लगभग 14.30 लाख हेक्टेयर है।

गत वर्ष के अंतिम अनुमान और इस वर्ष के तृतीय अग्रिम अनुमान के अनुसार, प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग की उत्पादकता 1410 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है। इस प्रकार प्रदेश का कुल उत्पादन 20.16 लाख मेट्रिक टन संभावित है।

कृषि मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा गत वर्ष 4.19 लाख मेट्रिक टन का लक्ष्य प्रदान किया गया था, जिसके विरुद्ध प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग का कुल 7.72 लाख मेट्रिक टन उपार्जन किया गया।

उन्होंने तर्क दिया कि किसानों को बेहतर मूल्य मिले और वे भविष्य में भी दलहन उत्पादन के प्रति इच्छुक रहें, इसे सुनिश्चित करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का अधिकाधिक लाभ उन्हें दिया जाना आवश्यक है। यह लाभ केंद्र सरकार द्वारा प्रदत्त लक्ष्य सीमा से संभव नहीं हो सकेगा।

अतः मंत्री कंषाना ने विपणन वर्ष 2026-27 में भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर तय किए हुए लक्ष्य में से अन्य ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादन करने वाले राज्यों के बचत के प्रतिशत को प्रदेश को प्रदान करते हुए लक्ष्य सीमा को बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रदेश के कुल उत्पादन का 40 प्रतिशत मात्रा यानी 8.06 लाख मेट्रिक टन का लक्ष्य प्रदान करने की मांग की।