BREAKING NEWS
2026-10-17

जहरीली शराब कांड: मुख्य आरोपी रवि लखेरा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

बंडा में हुए जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी रवि लखेरा पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने उसका शॉर्ट एनकाउंटर किया। यह कार्रवाई तब की गई जब आरोपी जंगल में चारों तरफ से घिरने के बाद पुलिस पर फायरिंग करने लगा। फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली लगने से उसके पैर में चोट आई और वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

मुठभेड़ का विवरण

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि लखेरा लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार तड़के मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बरायठा के जंगल में स्थित हनुमान टोंग मंदिर के आसपास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी रवि लखेरा ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement

जांच और आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी शराब कांड की जांच में एक अहम कड़ी है। आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में अलग-अलग जगह दबिश दे रही है। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है और सागर के आसपास के जंगलों में भी दबिश दी जा रही है।

घोषित इनाम

पुलिस ने मुख्य आरोपी और अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। इसके अलावा, अन्य फरार आरोपियों संदीप लोधी उर्फ यशवंत सिंह ठाकुर और शिवान्जय ठाकुर की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम रखा है।

मौतों का आंकड़ा और सहायता

बंडा में जहरीली शराब पीने के बाद लगभग 90 से ज्यादा मरीजों की तबीयत बिगड़ गई थी। इस हादसे में गुरुवार को हुई एक और मौत के बाद अब तक जहरीली शराब से मरने वालों का अनधिकृत आंकड़ा 29 पर पहुंच गया है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक केवल 16 मौतों की पुष्टि हुई है। सरकार की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साथ ही, पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से पुलिस कार्रवाई जारी है।

मुख्यमंत्री का हस्तक्षेप

जहरीली शराब से मौतों के मामले में मुख्यमंत्री ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की थी। उन्होंने मामले में पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त एक्शन के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कार्रवाई के बारे में बात करते हुए कहा कि आरोपियों को ऐसी सजा दी जाएगी कि दोबारा कोई इस तरह के काम करने की हिम्मत नहीं करेगा। उन्होंने प्रशासन को ‘फ्री हैंड’ दिया है।

अवैध शराब जब्त

सागर जहरीली शराब कांड के संबंध में हीरापुर में एक मकान से 2.61 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की गई है। इस कार्रवाई के दौरान जले हुए क्वार्टर और एक पोकलेन भी बरामद की गई है।