बुलंद सोच, ग्वालियर।

रेलवे ने चित्रकूट धाम में सावन अमावस्या मेले के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। हालांकि, ग्वालियर के यात्रियों के लिए कोई सीधी विशेष ट्रेन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
ये दोनों मेला स्पेशल ट्रेनें 11 से 13 अगस्त तक वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से चित्रकूट धाम कर्वी के बीच संचालित होंगी। इस व्यवस्था के चलते ग्वालियर से चित्रकूट जाने वाले श्रद्धालुओं को पहले झांसी पहुंचना होगा।
पहली मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से सुबह 10:10 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन कर्वी से शाम 7:25 बजे चलकर रात एक बजे झांसी पहुंचेगी।
दूसरी स्पेशल ट्रेन झांसी से रात 8:10 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 3:05 बजे कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 4:40 बजे कर्वी से रवाना होकर सुबह 11:10 बजे झांसी पहुंचेगी।
दोनों ट्रेनों को ओरछा, बरुआसागर, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, महोबा, बांदा, अतर्रा और भरतकूप स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।
मेले में भीड़ बढ़ने की स्थिति में ट्रेन क्रमांक 66613-66614 झांसी-बांदा मेमू का विस्तार आवश्यकतानुसार चित्रकूट धाम कर्वी तक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त रैक कानपुर में स्टैंडबाय रखा जाएगा, जिसे भीड़ के अनुसार कानपुर से कर्वी के बीच चलाया जा सकेगा।

