BREAKING NEWS
2026-07-31

श्रावण मास के लिए उज्जैन-भोपाल और उज्जैन-संत हिरदाराम नगर के बीच 3 जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनें शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

श्रावण मास के दौरान महाकाल दर्शन और सीहोर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने उज्जैन-भोपाल और उज्जैन-संत हिरदाराम नगर के मध्य 3 जोड़ी अनारक्षित (जनरल) मेला स्पेशल ट्रेनों का प्रतिदिन संचालन शुरू किया है। ये ट्रेनें 28 जुलाई से सितंबर के दूसरे सप्ताह तक यात्रियों को सुगम और सस्ती यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी।

Advertisement

उज्जैन-संत हिरदाराम नगर स्पेशल ट्रेन (09305/09306)

गाड़ी संख्या 09305/09306 (उज्जैन–संत हिरदाराम नगर) का संचालन 28 जुलाई से 08 सितंबर तक प्रतिदिन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 09305 उज्जैन से सुबह 09:00 बजे चलकर दोपहर 01:30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 09306 संत हिरदाराम नगर से दोपहर 02:20 बजे छूटकर शाम 07:30 बजे उज्जैन पहुंचेगी।

उज्जैन-भोपाल स्पेशल ट्रेन (09307/09308)

गाड़ी संख्या 09307/09308 (उज्जैन–भोपाल) का संचालन उज्जैन से 28 जुलाई से 08 सितंबर तक और भोपाल से 29 जुलाई से 09 सितंबर तक प्रतिदिन होगा। गाड़ी संख्या 09307 उज्जैन से रात 09:00 बजे चलकर रात 02:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 09308 भोपाल से तड़के 03:10 बजे रवाना होकर सुबह 08:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी।

दूसरी उज्जैन-संत हिरदाराम नगर स्पेशल ट्रेन (09313/09314)

गाड़ी संख्या 09313/09314 (उज्जैन–संत हिरदाराम नगर) का संचालन उज्जैन से 28 जुलाई से 08 सितंबर तक और संत हिरदाराम नगर से 29 जुलाई से 09 सितंबर तक प्रतिदिन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 09313 उज्जैन से शाम 04:00 बजे चलकर रात 12:10 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 09314 संत हिरदाराम नगर से रात 01:00 बजे छूटकर सुबह 06:00 बजे उज्जैन पहुंचेगी।

प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ये सभी स्पेशल ट्रेनें मार्ग में आने वाले तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेंगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा योजना बनाने से पहले समय सारणी की पूरी जानकारी प्राप्त कर लें।