BREAKING NEWS
2026-08-07

उज्जैन के छह सप्तसागरों का पानी स्नान योग्य नहीं: एनजीटी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन के पवित्र सप्तसागरों में सीवेज प्रदूषण पर सख्ती दिखाई है। अधिकरण ने पाया कि वहां के सात में से छह प्रमुख कुंडों का पानी स्नान योग्य भी नहीं बचा है। भगवान महाकाल के भक्त उसी पानी से पूजा-अर्चना करने को विवश हैं। एनजीटी ने कहा कि यह श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और उनकी धार्मिक आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ है। एनजीटी की सेंट्रल बेंच में प्रशांत मौर्य और बकीर अली रंगवाला की याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पानी की गुणवत्ता संबंधी अपनी रिपोर्ट पेश की।

Advertisement

रिपोर्ट में सामने आया कि सप्त सागरों में से गोवर्धन सागर, विष्णु सागर, पुरुषोत्तम सागर, क्षीर सागर, रुद्र सागर और पुष्कर सागर का पानी ‘डी’ श्रेणी का पाया गया, जो स्नान के लिए भी उपयुक्त नहीं है। इन जलाशयों में फीकल कोलीफार्म और टोटल कोलीफार्म की मात्रा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों से अधिक मिली, जो जल में सीवेज की मौजूदगी का संकेत देती है।

जल गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकरण ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) और उज्जैन नगर निगम आयुक्त को 30 दिनों के भीतर जल गुणवत्ता सुधारने, प्रदूषण के स्रोतों पर कार्रवाई करने तथा प्रदूषण फैलाने वालों से पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वसूलने के निर्देश दिए हैं। एनजीटी ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन से पहले सप्तसागरों की सफाई और संरक्षण केवल औपचारिकता नहीं हो सकती। मामले की अगली सुनवाई चार सितंबर को होगी।