BREAKING NEWS
2026-07-29

वैभव सूर्यवंशी बने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र के प्लेयर ऑफ द सीरीज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, हरारे।

भारत ने तीसरे टी-20 मैच में जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। सर्वाधिक 151 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

Advertisement

वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट में यह अवॉर्ड जीतने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 15 साल 121 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान का रिकॉर्ड तोड़ा, जो 16 साल 328 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे।

हरारे में सूर्यवंशी ने 49 गेंद पर 81 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। वे इंटरनेशनल में यह अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए, जिन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 17 साल 112 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।

सूर्यवंशी ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने। सिएरा लिओन के एलुसिन तुरे इंटरनेशनल में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 15 साल 74 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।

सूर्यवंशी ने 16 साल की उम्र से पहले इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 15 साल 121 दिन की उम्र में दूसरी फिफ्टी लगाई। उनके अलावा नेपाल के कुशल मल्ला ने 16 साल की उम्र से पहले एक बार 50+ स्कोर बनाया था।

सूर्यवंशी इस साल सभी टी-20 मैच मिलाकर 86 छक्के लगाकर एक साल में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले भारतीयों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। इस मामले में अभिषेक शर्मा 2025 में 108 छक्के लगाकर पहले स्थान पर हैं।

टी-20 में कम से कम 100 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में सूर्यवंशी का प्रति बॉल सिक्स औसत सबसे बेहतर है। वे औसतन हर 5.21 बॉल पर छक्का लगाते हैं, जबकि अन्य खिलाड़ियों का अनुपात 7 से ऊपर है।

अभिषेक शर्मा ने इस सीरीज में सिर्फ 11 रन बनाए और वे तीन मैचों की टी-20 सीरीज में सबसे कम रन बनाने वाले भारतीय ओपनर बन गए। उन्होंने शिखर धवन का अनचाहा रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में 19 रन बनाए थे।

मयंक यादव टी-20 में पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार विकेट लेने वाले भारतीयों में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के रिकॉर्ड की बराबरी की, दोनों टी-20 में 3-3 बार यह कारनामा कर चुके हैं।

कप्तान सिकंदर रजा टी-20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। वे बतौर कप्तान 7वीं बार शून्य पर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच 8 बार के साथ पहले स्थान पर हैं।

प्रमुख पल

भारतीय पारी की पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने चौका जड़ा। सिकंदर रजा की फ्लाइटेड डिलीवरी पर सूर्यवंशी ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, जिससे गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और शॉर्ट थर्ड मैन के पास से बाउंड्री के पार चली गई।

13वें ओवर में वैभव सूर्यवंशी ने सिकंदर रजा की छोटी लेंथ की तीसरी गेंद पर सामने की ओर 102 मीटर लंबा छक्का लगाया।

भारतीय पारी के 15वें ओवर में जिम्बाब्वे के फील्डर ब्रैड इवांस ने वेस्ली मधेवेरे की आखिरी गेंद पर सूर्यवंशी का शानदार कैच लपका। सूर्यवंशी ने सामने की ओर शॉट लगाया था, जिसकी टाइमिंग ठीक नहीं हुई और गेंद लॉन्ग-ऑफ की ओर गई, जहां इवांस ने आगे की ओर डाइव लगाकर कैच पकड़ा।

सातवें ओवर में भारतीय विकेटकीपर ईशान किशन ने अशोक शर्मा की गेंद पर बेन करन का आसान कैच छोड़ दिया। बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गेंद हवा में खड़ी हो गई, लेकिन ईशान के दस्तानों से छिटककर उनके सीने पर लगी और नीचे गिर गई। ईशान ने हाथ दिखाकर गेंदबाज से माफी मांगी।