BREAKING NEWS
2026-07-27

अमाल मलिक ने तनिष्क बागची पर आरोप दोहराए, चेतावनी देते हुए कहा- मुझसे औकात में ही रहना

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

अमाल मलिक ने म्यूजिक कंपोजर तनिष्क बागची पर लगाए गए अपने आरोपों को दोहराते हुए एक नया बयान जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने तनिष्क बागची को चेतावनी भी दी है।
अमाल मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने अपने ट्वीट सिर्फ इसलिए डिलीट किए हैं ताकि अपनी टाइमलाइन को साफ कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला उन्होंने पूरी समझ के साथ लिया है। अमाल मलिक ने जोर देकर कहा कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने जो कुछ भी कहा है, उस हर बात पर वह आज भी कायम हैं और अपने किसी भी बयान से पीछे नहीं हट रहे हैं।
अमाल मलिक ने बताया कि उन्होंने करीब 10 साल तक अपने गुस्से को दबाकर रखा था, लेकिन एक दशक बाद उन्हें खुलकर सामने आना पड़ा। उनका कहना है कि इंडस्ट्री में कोई भी सही बात के लिए खड़ा नहीं होता और न ही गलत लोगों को बेनकाब करता है। उन्होंने यह भी लिखा कि किसी में सच को सच कहने की हिम्मत नहीं है, लेकिन किसी न किसी को यह करना ही था।
उन्होंने कहा कि वह तनिष्क बागची के गलत कामों और अनैतिक हरकतों पर बहुत समय से चुप थे। तनिष्क बागची का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए अमाल मलिक ने लिखा कि उन्होंने आज एक बहुत बुरे इंसान की सच्चाई सबके सामने रख दी है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्म हर किसी का हिसाब रखता है, जिसमें वे लोग भी शामिल हैं जो इतने सालों से उसकी गलत और अमानवीय हरकतों का साथ दे रहे हैं।
अमाल मलिक ने तनिष्क बागची को चेतावनी देते हुए लिखा, “एक आखिरी बात बेटे, मुझसे तो औकात में ही रहना। यह मैं तुम्हें जिंदगीभर की चेतावनी दे रहा हूं और अगर अब से तुमने किसी के साथ भी कुछ गड़बड़ की, तो याद रखना, मैं फिर लौटूंंगा तेरी बैंड बजाने।”
इससे पहले, अमाल मलिक ने तनिष्क बागची पर दूसरों का म्यूजिक कॉपी करने, उसका क्रेडिट लेने और अन्य गंभीर आरोप लगाए थे।
अमाल मलिक ने यह भी दावा किया था कि तनिष्क बागची ने टिप्स म्यूजिक कंपनी में काम करने वाली एक लड़की से शादी का वादा किया और बाद में उसका शोषण कर उसे छोड़ दिया।
अमाल मलिक ने यह भी दावा किया था कि तनिष्क बागची उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम से धमकी दिलवा रहे हैं।
अमाल मलिक ने अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ अकाउंट पर तनिष्क बागची के लिए लिखा था, “तुमने मीटू का मामला रफा-दफा करवा लिया क्या? टिप्स म्यूजिक कंपनी के ए एंड आर डिपार्टमेंट में एक लड़की है। उससे शादी का वादा करके तुमने उसका शोषण किया और फिर उसे छोड़ दिया। आज तुमने किसी और से शादी कर ली। उस महिला पर तरस आता है जिसने तुम्हारे जैसे सांप को चुना। वह लड़की गहरे सदमे और अवसाद में है, और यह खबर बहुत तेजी से फैलेगी। और कृपया देवेंद्र फडणवीस का नाम लेकर मुझे इनडायरेक्ट धमकियां देना बंद करो। ये सब मेरे साथ नहीं चलेगा, छोटे। मैं गलत नहीं हूं, इसलिए मुझे किसी बात का डर नहीं है। तुम मुझसे गंदी लड़ाई करना चाहते हो? तो सामने आओ। जिस स्कूल के तुम चपरासी भी नहीं बन सके, हम वहां के प्रिंसिपल, ट्रस्टी और म्यूजिक टीचर हैं, बेटे। अब कोर्ट में मिलते हैं। अगर सच में कुछ करना है, तो आ जाओ। तनिष्क बागची मैं आऊं क्या अपनी पर?”
फिल्म ‘सैयारा’ को लेकर तनिष्क बागची ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हें टाइटल सॉन्ग के लिए अभी तक 8 लाख रुपए की रॉयल्टी नहीं मिली है।
तनिष्क बागची का बयान आने के बाद यशराज फिल्म्स (YRF) ने कहा था कि सभी पेमेंट कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार किए गए हैं। इसके बाद तनिष्क बागची ने अपनी पोस्ट हटा दी थी।
तनिष्क बागची की पोस्ट के बाद अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वह 2015 से ही म्यूजिक इंडस्ट्री की खामियों के खिलाफ लड़ रहे हैं और अब लोग 10 साल देर से जागे हैं। इसके बाद से ही अमाल मलिक लगातार तनिष्क बागची के खिलाफ कई पोस्ट शेयर करते रहे हैं।
एक पोस्ट में अमाल मलिक ने तनिष्क बागची को ‘मिस्टर रीमिक्स’ और ‘ओरिजिनल गाने खराब करने वाला’ लिखा था। अमाल मलिक ने तनिष्क बागची पर फर्जी कैंपेन चलाने के आरोप लगाते हुए भी जमकर खरी-खोटी सुनाई थी।
फिलहाल, इस विवाद पर अब तक तनिष्क बागची की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।
अमाल मलिक बॉलीवुड के पॉपुलर सिंगर और कंपोजर हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ और सोनम कपूर की ‘खूबसूरत’ जैसी फिल्मों में कंपोजिशन किया था।
कुछ महीनों पहले ही अमाल मलिक ने भाई अरमान और परिवार से रिश्ता तोड़ने की अनाउंसमेंट की थी, जिससे वह सुर्खियों में आ गए थे। इसके बाद उन्होंने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18’ में भी हिस्सा लिया था।

Advertisement