BREAKING NEWS
2026-07-24

अंबाह में टोस्ट पैकेट में मिली मृत छिपकली, मां-बेटी अस्पताल में भर्ती

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, अंबाह।

मंगलवार शाम अंबाह के खजूरी रोड गली नंबर तीन में एक पैकेटबंद टोस्ट में मृत छिपकली पाई गई। यह घटना तब सामने आई जब मां-बेटी ने उस पैकेट से टोस्ट खाए।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, खजूरी रोड गली नंबर तीन निवासी रंजना भदौरिया के ससुर का निधन हो गया था, जिसके कारण घर में खाना नहीं बना था। रंजना की 13 वर्षीय बेटी अदिति पास की दुकान से टोस्ट का पैकेट ले आई थी।

मां और बेटी ने चाय के साथ इन टोस्टों का सेवन किया। पैकेट से सात से आठ टोस्ट खाने के बाद उन्हें उसमें एक मरी हुई छिपकली मिली।

छिपकली देखकर रंजना और अदिति घबरा गईं और तुरंत अंबाह अस्पताल पहुंचीं। डॉक्टरों ने उन्हें अपनी निगरानी में लिया है और दवाइयां दी हैं।

मां-बेटी को आशंका थी कि पैकेट में मृत छिपकली का जहर टोस्ट के माध्यम से उनके शरीर में प्रवेश कर गया होगा। छिपकली को देखकर उनका जी मिचलाने लगा था और उन्हें किसी बड़ी समस्या का डर सता रहा था।

इस संबंध में दुकानदार से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके पास केवल पैकेटबंद सामान ही आता है। टोस्ट वितरक से बात करने पर उसने अगले दिन आने को कहा।