बुलंद सोच, इंदौर।

आनंदम परिवार द्वारा वरिष्ठ सदस्यों के लिए एक बहुप्रतीक्षित वार्षिक पिकनिक का आयोजन किया गया। इस दौरान सदस्यों ने अपनी रोजमर्रा की चिंताओं से दूर रहकर खूब मस्ती की, हँसे, गाए और यादगार पल बिताए।
यह पिकनिक रविवार को इंदौर स्थित एक्रोपोलिस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च के परिसर में बारिश की फुहारों के बीच आयोजित हुई। बस से पहुँचे सदस्यों का चंदन टीके, पीले दुपट्टे और गुलाब की पंखुड़ियों से भावभीना स्वागत किया गया।
सदस्यों ने इंदौरी पोहा, जलेबी और कचौड़ी का स्वाद लिया। गुरवीन कौर भाटिया के सहयोग से पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का आरंभ आनंदम के सचिव एस.बी. खंडेलवाल के स्वागत भाषण से हुआ।
आनंदम के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने ऐसे आयोजनों को वरिष्ठ सदस्यों के स्वास्थ्य, खुशी और आपसी जुड़ाव के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर एक्रोपोलिस के चेयरमैन ए.के. सोजतिया और डायरेक्टर डॉ. एस.सी. शर्मा का स्वागत किया गया।
ए.के. सोजतिया और डॉ. एस.सी. शर्मा ने आनंदम परिवार की मेजबानी पर प्रसन्नता व्यक्त की और बेटियों की शिक्षा हेतु आनंदम के प्रयासों की सराहना की। इसके बाद मनोरंजन का सिलसिला शुरू हुआ।
शानदार कव्वाली ने खूब तालियां बटोरीं, वहीं नृत्य प्रस्तुति ने माहौल में रंग भर दिया। संगीत अंताक्षरी में दीवाने, मस्ताने और परवाने टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला।
हंसी-मजाक से भरे चुटकुलों और मजेदार मिमिक्री ने सभी को गुदगुदाया, जबकि सुरीले गीतों ने पूरे वातावरण को संगीत से भर दिया। इसके उपरांत, सभी ने बारिश के मौसम के पसंदीदा मालवी दाल-बाफला भोज का आनंद लिया।
दोपहर बाद ग्रैंड तंबोला ने उत्साह बढ़ाया और आकर्षक नकद पुरस्कारों ने खेल का रोमांच और अधिक कर दिया। शाम की चाय के साथ दिन का समापन हुआ, लेकिन सदस्यों के चेहरे पर खुशी और दिल में बिताए पलों की मिठास देर तक बनी रही।
इस पिकनिक को सिर्फ एक दिन की मौज-मस्ती के बजाय एक खूबसूरत रिश्ते का उत्सव बताया गया, जहाँ साथ, अपनापन और जिंदगी को खुलकर जीने का जज्बा उम्र से अधिक महत्वपूर्ण था। इस आयोजन के माध्यम से आनंदम परिवार ने यह भी प्रदर्शित किया कि यदि दिल में उमंग हो और अपनों का साथ हो, तो जिंदगी का हर मौसम सुहाना हो जाता है।

