बुलंद सोच, नगांव।
असम के नगांव में एक सीआरपीएफ अधिकारी ने खुदकुशी करने से पहले अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी पुलिस ने दी है।
नागांव की पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) परमिता सरकार ने पीटीआई को बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे कटिमारी स्थित 34 बटालियन शिविर में हुई। उन्होंने बताया कि मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात एएसआई/जीडी बलानी प्रेमबारम ने अपने सहयोगियों पर गोली चलाई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जवानों के बीच हुए झगड़े के बाद यह हादसा हुआ।
डीएसपी ने जानकारी दी कि एएसआई बलानी प्रेमबारम ने बाद में खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में दो जवान, एचवी/जीडी विष्णु प्रसाद बघेल और एसआई/जीडी रामनवाल सिंह यादव की भी मौके पर ही मौत हो गई।
सरकार ने यह भी बताया कि सीआरपीएफ के एक अन्य जवान एएसआई/माने गोविंद श्रीपुल इस घटना में घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शिविर में पहुंच गए हैं और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

