बुलंद सोच, बड़वानी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बड़वानी पुलिस का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में नशामुक्ति विषय पर व्यापक आयोजन किए गए।
इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने 16,700 ड्राइंग शीट्स पर नशामुक्ति संबंधी चित्र एवं स्लोगन तैयार कर जन-जन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा रचनात्मक गतिविधियों से नशामुक्त समाज निर्माण में सहभागी बनाने के उद्देश्य से चित्रकला एवं स्लोगन लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
बड़वानी पुलिस की यह अभिनव एवं रचनात्मक पहल जिले, निमाड़ अंचल और मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
बावनगजा में आयोजित सम्मान समारोह में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन के चार्टर्ड आफिसर राजीव श्रीवास्तव ने बड़वानी पुलिस द्वारा संचालित इस अभिनव जनजागरूकता अभियान को सराहनीय बताया। उन्होंने इसे सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में एक अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी पहल कहा।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, डीएसपी महिला सुरक्षा, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी चेतनसिंह बघेल, रक्षित निरीक्षक उषा सिसोदिया, यातायात प्रभारी रजनी भार्गव, सूबेदार अलका वास्केल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजीतसिंह बिसेन, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओमप्रकाश चांगोड, थाना प्रभारी अंजड़ आरआर चौहान, सिलावद थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

