BREAKING NEWS

बेटी-दामाद पर 22 लाख रुपये और जेवर हड़पने का आरोप, बुजुर्ग महिला को फर्जी लॉकर चाबी दी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के रांझी क्षेत्र निवासी 75 वर्षीय लल्लीबाई केवट ने अपनी बेटी, दामाद और उनके एक परिचित पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। केवट ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपितों ने उनके 22 लाख रुपये और जेवरात हड़प लिए हैं। उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर यह शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उनकी एफडी, पेंशन की राशि और जेवर अपने कब्जे में कर लिए। उन्हें बैंक लॉकर की बात कहकर एक फर्जी चाबी दी गई थी। जब वह यूनियन बैंक पहुंचीं, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम से कोई लॉकर ही नहीं है। महिला ने कथित फर्जी चाबी पुलिस को सौंपी है। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

Advertisement

अनूपपुर में मारपीट की घटना

अनूपपुर के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र से एक पति द्वारा अपनी पत्नी के साथ बीच सड़क पर मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपित पति महिला के बाल पकड़कर हेलमेट से उसके सिर पर वार करता दिखाई दे रहा है। इस घटना में महिला के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। बताया गया कि कुछ समय के लिए महिला बेहोश भी हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना 25 जुलाई को परासी गांव के पास हुई थी। पीड़िता परासी में अपने बेटे और बेटी के साथ किराए के मकान में रहती हैं और कृषि सखी के रूप में अपना जीवनयापन करती हैं। वह पिछले लगभग एक वर्ष से अपने पति भूषण यादव से अलग रह रही हैं। दोनों के बीच वैवाहिक विवाद का मामला न्यायालय में लंबित है। पीड़िता के अनुसार, घटना के दिन वह कहीं जा रही थीं, तभी उनके पति भूषण यादव बाइक से वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में आरोपित महिला के बाल पकड़कर हेलमेट से मारते हुए नजर आ रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति पिछले काफी समय से उनका पीछा कर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देता आ रहा है। आरोपित पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट कर चुका है। घटना के बाद महिला ने भालूमाड़ा थाना सहित महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें मारपीट की पुष्टि हुई है। पुलिस ने 40 वर्षीय आरोपित भूषण यादव के खिलाफ धारा 229 और 115 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रधान आरक्षक सपन नामदेव ने बताया कि आरोपित फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।