BREAKING NEWS
2026-07-29

निशांतपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन आरओबी निर्माण के कारण लंबित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल शहर के महत्वपूर्ण रेलवे प्रोजेक्ट्स में शामिल निशातपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन अब तक नहीं हो सका है। स्टेशन परिसर से होकर गुजर रहे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) के निर्माण कार्य के कारण इसे यात्रियों के लिए शुरू नहीं किया जा सका।

Advertisement

स्टेशन भवन का निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष पहले ही पूरा कर लिया गया था। निर्माण कार्य के चलते स्टेशन के प्रवेश मार्ग, यात्री आवागमन और सुरक्षा-व्यवस्था नहीं हो सकती, जिससे अभी तक निशातपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन नहीं हो सका है।

निशातपुरा रेलवे स्टेशन को पूर्वी भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा के रूप में विकसित किया गया है। इस स्टेशन के शुरू होने से भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव कम होना था और स्थानीय लोगों को ट्रेनों में चढ़ने-उतरने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती। हालांकि, आरओबी के निर्माण ने इस योजना को फिलहाल रोक दिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं तैयार हैं। आरओबी निर्माण के चलते स्टेशन तक पहुंचने के रास्ते पूरी तरह सुरक्षित और सुगम नहीं हैं। भारी मशीनरी, निर्माण सामग्री और अधूरे मार्गों के कारण यात्रियों की आवाजाही जोखिम भरी हो सकती है। ऐसे में बिना ओवरब्रिज कार्य पूर्ण हुए स्टेशन को खोलना रेलवे की सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है।

आरओबी ब्रिज का निर्माण सड़क यातायात और रेलवे दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन का मानना है कि अधूरा ब्रिज यात्रियों के लिए भ्रम और दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए स्टेशन का संचालन ब्रिज के साथ ही शुरू करना बेहतर विकल्प है।

आरओबी का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। संबंधित निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परियोजना को जुलाई 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। भोपाल रेल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और यहां सभी सुविधाएं जुटा ली गई हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद जल्द ही इसके उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी।