बुलंद सोच, भोपाल।

दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ खंड भोपाल के विभिन्न वार्डों में सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में लगातार प्रभावी सिद्ध हो रहा है। इस मंच के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं।
शिकायत पोस्ट होते ही संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि संज्ञान लेकर कार्रवाई करते हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है।

वार्ड 47 की पार्षद गिरजा राजेश खटीक बनीं 'पब्लिक स्टार'
वार्ड 47 के पंचशील नगर, बिस्वास गली निवासी मनोज सिंह ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सेंट मैरी स्कूल के पीछे लंबे समय से गटर का पानी बह रहा था और शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा था।
यह शिकायत सामने आने के बाद पार्षद गिरजा राजेश खटीक ने मामले का संज्ञान लिया और मौके पर सफाई व मरम्मत का कार्य कराया। पार्षद ने ऐप पर समाधान की पुष्टि भी की, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली।

कृषक नगर में गंदे पानी की समस्या दूर
वार्ड 75 के कृषक नगर निवासी डॉ. राजेश शर्मा ने भी ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि क्षेत्र में गंदगी और पीने के पानी को लेकर समस्या बनी हुई थी।
शिकायत पोस्ट होने के उपरांत पार्षद रीता विश्वकर्मा ने संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में सफाई कराई। पार्षद ने ऐप पर इस समाधान की पुष्टि की।

लंबित जनसमस्याएं
वार्ड 1 के गांधी नगर निवासी जितेन ने शिकायत दर्ज कराई है कि सड़क पर प्रतिदिन कचरा जमा रहता है और समय पर उठाया नहीं जाता, जिससे दुकानदारों और बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी होती है। शिकायतकर्ता ने इस समस्या के समाधान की मांग की है।
वार्ड 51 के त्रिलंगा मेन रोड निवासी राजेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि मॉल के सामने नाली का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। कई स्थानों पर नाली खुली होने के कारण पानी जमा रहता है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

वार्ड 82 के शिरडीपुरम कॉलोनी के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई है कि अल्टीमेट जाने वाली मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। सड़क पर काम चलने और मोड़ होने के कारण अंधेरे में दुर्घटनाओं और चोरी का खतरा बना हुआ है।
वार्ड 53 के अरण्या एन्क्लेव, बागमुगलिया निवासी मुकेश गौर ने शिकायत की है कि निर्माण सामग्री के कारण मुख्य सड़क का चैंबर पिछले महीने से चोक है। गंदा पानी कॉलोनी और मंदिर के आसपास जमा हो रहा है और घरों की बोरिंग में भी पहुंच रहा है, शिकायत के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ है।

'भास्कर समाधान' डिजिटल मंच
दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की नागरिक समस्याओं को सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचती है।
समस्या का समाधान होने पर उपयोगकर्ता इसकी जानकारी ऐप पर अपडेट भी कर सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं।

अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर ऐप के माध्यम से इसकी जानकारी दे सकते हैं।
‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों की समस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।


