बुलंद सोच,।
कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 7.4 थी और इसका केंद्र 115 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप का केंद्र चोको का ग्रामीण क्षेत्र बताया गया है। इसके झटके राजधानी बोगोटा सहित कई इलाकों और पड़ोसी देश इक्वाडोर तक महसूस किए गए।
इस भीषण भूकंप में अब तक 111 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं।
तुर्किये की संसद ने कुर्द लड़ाकों को सशर्त माफी देने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। यह कानून तभी लागू होगा जब तुर्किये के अधिकारी कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के पूरी तरह हथियार डालने की पुष्टि करेंगे।
पीकेके ने पिछले साल अपनी दशकों पुरानी सशस्त्र मुहिम खत्म करने और संगठन को भंग करने की घोषणा की थी।
रूस की सुप्रीम कोर्ट ने याब्लोको पार्टी को अगले महीने होने वाले संसदीय चुनाव से बाहर कर दिया है। अदालत ने उसका चुनावी पंजीकरण रद्द कर दिया।
याब्लोको पार्टी रूस की उन राजनीतिक ताकतों में से एक रही है जो सरकार की नीतियों की आलोचना करती रही है। पिछले कुछ वर्षों में यह यूक्रेन में रूसी सैन्य कार्रवाई का खुलकर विरोध करने वाली इकलौती पंजीकृत विपक्षी पार्टी थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बच्चों के टीकाकरण को लेकर एक बड़ा कार्यकारी आदेश जारी किया है। इस आदेश में बचपन में लगाए जाने वाले टीकों की सिफारिशों को नए तरीके से तैयार करने की बात कही गई है।
ट्रंप लंबे समय से इस विचार का समर्थन करते रहे हैं कि बच्चों को एक साथ कई टीके देने के बजाय उन्हें अलग-अलग चिकित्सकीय दौरों में लगाया जाना चाहिए। इसी सोच के तहत अब खसरा, गलसुआ और रूबेला (एमएमआर) के टीके को भी तीन अलग-अलग टीकों के रूप में देने की योजना बनाने का निर्देश दिया गया है।
इस फैसले को लेकर अमेरिका में स्वास्थ्य विशेषज्ञों और प्रशासन के बीच बहस तेज हो गई है।
अफगानिस्तान ने सोमवार को तीसरे वनडे में आयरलैंड को तीन विकेट से हराकर 2027 वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया।
इस मैच में आयरलैंड 206 रन पर ऑल आउट हो गया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान 97/2 से 176/7 हो गया था।
राशिद खान ने नाबाद 37 रन (43 गेंद) बनाए और यामीन अहमदजई (नाबाद चार रन) के साथ मिलकर 44.5 ओवर में टीम को जीत दिलाई।
देश की अहम खबरें
झारखंड में विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया है।
थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ मंगलवार को जम्मू के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह जम्मू के अग्रिम इलाकों में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे।
उनका यह दौरा सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और मौजूदा हालात की जानकारी लेने पर केंद्रित रहेगा।
सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के शादी रिसेप्शन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक साथ नजर आए।
इस शादी समारोह में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे थे, लेकिन इन तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने सबसे ज्यादा राजनीतिक ध्यान खींचा और राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी।
इसकी वजह यह है कि एनसीपी (एसपी) अभी विपक्षी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है।
सेलाकुई मुख्य मार्ग पर गणेश इंटरप्राइजेज के कार्यालय से छह अगस्त की सुबह चोर दो लैपटॉप और कुछ दस्तावेज चोरी कर ले गया।
शिकायतकर्ता एमएसएमई प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के उत्तराखंड अध्यक्ष और सीए निखिल गुप्ता हैं। उनके मुताबिक, चोर को कार्यालय की चाबी रखे होने की जानकारी थी और उसने चाबी से ही ताला खोला।
यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आज शिवरात्रि है। गोमुख और हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचे कांवड़िये महादेव का जलाभिषेक करने के लिए आतुर हैं।
शहर में पहुंचे कांवड़ियों का महिलाओं ने उनके पैर धोकर, तिलक लगाकर स्वागत किया। इलाके के बुजुर्गों ने भी उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं।

