BREAKING NEWS
2026-08-14

मध्य प्रदेश में 22 दिन में 44 हजार किलो दुग्ध उत्पाद जब्त, डिटर्जेंट सहित खतरनाक रसायन मिले

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

रक्षाबंधन से पहले दूध, घी, मावा, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट की आशंका को देखते हुए मध्य प्रदेश में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने एक विशेष अभियान चलाया। यह अभियान 20 जुलाई से 10 अगस्त तक 22 दिनों तक चला, जिसमें प्रदेशभर से कुल 2,234 नमूने लिए गए। अभियान के दौरान 44,407 किलो दूध एवं दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2.73 करोड़ रुपये है। खाद्य प्रयोगशाला में प्राथमिकता के आधार पर जांचे गए 321 नमूनों में से 248 मानक पाए गए, जबकि 73 अमानक थे। कुल 14 नमूने असुरक्षित पाए गए, जिनमें डिटर्जेंट सहित अन्य खतरनाक रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी सामने आई है।

Advertisement

असुरक्षित नमूनों पर कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दूध, घी, मावा, पनीर सहित सभी दुग्ध उत्पादों की लगातार जांच की जा रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को संदिग्ध खाद्य सामग्री की जब्ती के साथ निगरानी और कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। असुरक्षित पाए गए 14 नमूनों के निर्माण स्रोत का पता लगाया जा रहा है, जिसके बाद जब्ती और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। द्वारकेश, शगुन, गोवर्धन, दानेदार, भूमि, धौलपुर फ्रेश, वास्तु और गोपी श्री घी के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

घी ब्रांडों की जांच और भोपाल में जब्ती

विभाग ने 25 से अधिक संदिग्ध घी ब्रांडों के नमूने लिए हैं, और जो ब्रांड अमानक पाए जाएंगे उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रस्तावित है। त्योहार से पहले घी के बाजार में सामने आए इन मामलों ने मिलावट को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने डेयरियों, मावा कारोबारियों और घी वितरकों की जांच के दौरान कुल 5,287 किलो दुग्ध उत्पाद जब्त किए। इसमें 5,116 किलो घी और 171 किलो पनीर शामिल है। डेयरियों की जांच के दौरान दूध, मिक्स मिल्क, दही, पनीर, घी और मावा के 17 नमूने लिए गए। आनंद मावा भंडार और महाकाल मावा भंडार से प्रथम दृष्टया संदिग्ध मिलने पर 89 किलो घी और 171 किलो पनीर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। करोंद स्थित प्रोस्पेरिटी टेक से 938 किलो घी और नर्मदा सेल्स कारपोरेशन से करीब 1,500 किलो घी जब्त किया गया। वहीं, श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स से 655 किलो धौलपुर फ्रेश और 1,440 लीटर गोवर्धन घी जब्त हुआ। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

दूध और मावा में मिलावट की पुष्टि

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि पिछले दिनों आनंद मावा भंडार से जब्त मावे के नमूने की रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि हुई, जिसके बाद कारोबारी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। इसी तरह, इतवारा स्थित नन्हे चाचा दूध डेरी से लिए गए दूध के नमूनों में बड़ी मात्रा में डिटर्जेंट मिलने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद कारोबारी मोहम्मद फरहान की डेरी का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

अभियान के आंकड़े

अभियान के दौरान दूध के 849, मावा के 106, पनीर के 296, घी के 601 और अन्य दुग्ध उत्पादों के 382 नमूने लिए गए, जिनकी कुल संख्या 2,234 है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कार्रवाई के तहत 8 लाइसेंस/पंजीयन निलंबित किए हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 38 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, और एक एफआईआर भी दर्ज हुई है।