BREAKING NEWS
2026-08-06

भिंड न्यायालय परिसर के मालखाने में चोरी का प्रयास, सुरक्षाकर्मियों ने चोर को पकड़ा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

शहर के बाईपास स्थित न्यायालय परिसर के मालखाने में चोरी की नीयत से घुसे एक शातिर चोर को सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी देर रात छत के रास्ते न्यायालय परिसर में पहुंचा और गेट की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और उसे दबोच लिया।

Advertisement

आरोपी की पहचान

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज शर्मा पुत्र उमाशंकर शर्मा, निवासी पुरानी बस्ती भिंड के रूप में हुई है। सोमवार देर रात वह पेड़ के सहारे न्यायालय की छत पर चढ़ा। इसके बाद उसने छत पर लगे ग्रिलनुमा गेट की कुंडी तोड़ दी और सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरने लगा। गेट टूटने की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी विष्णु श्रीवास सतर्क हुए और तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीढ़ियों से उतर रहे युवक को पकड़ लिया।

चोरी की नीयत स्वीकार की

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी नीरज शर्मा ने स्वीकार किया कि वह न्यायालय परिसर स्थित मालखाने में रखे जब्त सामान को चोरी करने की नीयत से अंदर घुसा था। सुरक्षा कर्मियों ने बिना देर किए उसे देहात थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस जांच एवं पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नीरज शर्मा के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और हाल की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अकेले वारदात को अंजाम देने आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। थाना देहात के टीआई शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।