बुलंद सोच, देवास।
देवास में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने मंगलवार दोपहर पीएम कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस लीड केपी कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष के 30 से अधिक विद्यार्थियों को शून्य अंक देने व पूरक की पात्रता दिए जाने के विरोध में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। पदाधिकारी व कार्यकर्ता भोपाल चौराहे से नारेबाजी करते हुए प्राचार्य डॉक्टर रतन सिंह अनारे के कक्ष में पहुंचे और नारेबाजी की गई।
छात्र नेताओं ने विक्रम विश्वविद्यालय की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में 75% प्रतिशत अंक आए थे, उनको बीकॉम प्रथम वर्ष में शून्य अंक दिए गए हैं। कई विद्यार्थियों को पूरक की पात्रता मिली है। छात्र नेताओं ने सवाल उठाया कि कॉलेज में आने के बाद क्या यह सभी पढ़ने में बेकार हो गए हैं, और गड़बड़ियों को जल्द सुधारने की मांग की, अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
विश्वविद्यालय शुल्क वृद्धि पर आपत्ति
इसके अलावा, विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रकार के शुल्क में की गई बढ़ोतरी पर भी विरोध जताया गया।
रैली के दौरान कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता कटोरा लेकर भीख मांगते हुए प्राचार्य कक्ष पहुंचे थे। उन्होंने कटोरे में एकत्र हुए सिक्के प्राचार्य को सौंपे और कहा कि यह सिक्के हमारी तरफ से कुलपति को भेज देना।
विश्वविद्यालय संबंधी कार्यों हेतु कर्मचारी नियुक्ति की मांग
एनएसयूआई व युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ ने प्राचार्य डॉक्टर अनारे से चर्चा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा कई कामों में लगातार लापरवाही की जा रही है, जिसके कारण विद्यार्थियों व स्वजन को बार-बार उज्जैन का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि इस तरह की गलतियों में सुधार के लिए कॉलेज द्वारा एक कर्मचारी अलग से नियुक्त किया जाए, जो देवास से उज्जैन जाकर विद्यार्थियों के काम करवाएं।
प्राचार्य का बयान
केपी कॉलेज देवास के प्राचार्य डॉ. रतन सिंह अनारे ने बताया कि लगभग 30 विद्यार्थियों की शून्य व पूरक वाली अंकसूचियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि इनके संबंध में विश्वविद्यालय स्तर पर चर्चा की जा रही है और वहीं से निराकरण हो पाएगा।
क्लासरूम की स्थिति और स्कूल मान्यता पर सवाल
एनएसयूआई छात्रों ने शटरिंग लगे कमरे में बांस-बल्लियों के बीच चल रही क्लास पर भी सवाल उठाए और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की।

