BREAKING NEWS
2026-08-06

दहेज प्रताड़ना मामले में 8 साल से फरार पिता-पुत्र भिंड से गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

दहेज प्रताड़ना के एक मामले में पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे पिता-पुत्र को ग्वालियर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गुजरात के विभिन्न शहरों में अपनी पहचान बदलकर रह रहे थे। उनकी गिरफ्तारी में एक पारिवारिक कार्यक्रम का निमंत्रण कार्ड महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ।

Advertisement

महिला सुरक्षा डीएसपी शिखा सोनी ने बताया कि नवविवाहिता की शिकायत पर उसके पति मंगल सिंह उर्फ पुतुआ राजावत और ससुर सुरेश सिंह राजावत के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों ने दहेज में कार और नकदी की मांग करते हुए विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था।

जमानत मिलने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे और पिछले आठ वर्षों से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस टीम पिछले चार दिनों से गुजरात में थी। हाल ही में एक पारिवारिक कार्यक्रम का निमंत्रण कार्ड मिलने पर पुलिस ने भिंड में दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पुलिस से बचने के लिए हर कुछ महीने में अपना ठिकाना बदलते थे। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि फरारी के दौरान किन-किन लोगों ने उनकी मदद की।

पुलिस मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करेगी।