BREAKING NEWS
2026-08-04

भिंड: 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

भिंड जिले के बरासों थाना अंतर्गत सटरूका पुरा गांव में सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Advertisement

सूचना मिलने पर बरासों थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान 24 वर्षीय सलोनी बघेल पत्नी दीपू बघेल के रूप में हुई है, जो अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी।

बताया गया है कि सलोनी के पति दीपू बघेल अहमदाबाद में निजी नौकरी करते हैं और वे सोमवार सुबह ही घर लौटे थे।

घर पहुंचने के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।

विवाद के बाद सलोनी गुस्से में दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में चली गई और करीब एक घंटे तक नीचे नहीं आई।

इस दौरान, उनकी चार वर्षीय बेटी के रोने पर सास सुनीता बघेल उसे देखने दूसरी मंजिल पर पहुंचीं।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो सास ने खिड़की से देखा, जहां सलोनी फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मृतका के भाई अरुण बघेल, जो भुजपुरा के निवासी हैं, ने बताया कि वह सुबह बहन के घर गया था। उस समय पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। उन्होंने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया और वापस भिंड लौट आए थे। दोपहर में उन्हें बहन के फांसी लगाने की सूचना मिली।

सलोनी बघेल अपने पीछे चार वर्षीय बेटी आखी और दो वर्षीय बेटे लव को छोड़ गई हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।