BREAKING NEWS
2026-07-24

भोपाल में कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा का मार्च, पुलिस ने रोका

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद भाजपा ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पलटवार किया। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रेडक्रॉस चौराहे से कांग्रेस कार्यालय की ओर विरोध मार्च लेकर निकले। हालांकि, पुलिस ने रेडक्रॉस अस्पताल के सामने बैरिकेडिंग कर जुलूस को रोक दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और लगभग दस मिनट प्रदर्शन करने के बाद वापस लौट गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कांग्रेस कार्यालय के दोनों प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात रहा।

भाजपा का चेतावनी भरा बयान

प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा अभी केवल चेतावनी देने आई थी। उन्होंने आगे कहा कि यदि कांग्रेस का रवैया नहीं बदला तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। खंडेलवाल ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय प्रायोजित अराजकता की राजनीति करने का आरोप लगाया।

Advertisement

कांग्रेस पर राहुल गांधी के संबंध में आरोप

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाना और विदेशों में भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करना राहुल गांधी और कांग्रेस की आदत बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता की लोलुपता में देश के सम्मान और राष्ट्रहित को भी दांव पर लगाने से नहीं चूकते हैं। भाजपा ने कहा कि वह राष्ट्रहित, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी।

आंदोलन का उद्देश्य और कांग्रेस से सवाल

हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी का यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि कांग्रेस की उस सोच और राजनीति के खिलाफ है, जो लोकतंत्र को कमजोर करने, समाज में वैमनस्य फैलाने और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने को कहा कि राहुल गांधी बार-बार विदेशी मंचों पर भारत, भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और न्याय व्यवस्था पर सवाल क्यों उठाते हैं। खंडेलवाल ने पूछा कि आखिर किसके हित में वे भारत की उपलब्धियों को नकारने और देश के विरुद्ध झूठा नैरेटिव गढ़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता उन्हें कई बार नकार चुकी है, लेकिन वे अपनी राजनीतिक विफलताओं का दोष देश की संस्थाओं पर मढ़ने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

विवादित तख्ती का मामला

प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता के हाथ में संविधान से जुड़ी आपत्तिजनक बात लिखी तख्ती दिखाई दी। यह मामला सामने आते ही भाजपा के जिला प्रवक्ता राजेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और तख्ती लेकर उसे तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने उसे अपनी दोपहिया वाहन की डिग्गी में रख दिया।