बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी भोपाल में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। इस घटना में साधु के वेश में आए एक अज्ञात व्यक्ति ने कैफे संचालक अनुभव खरे को तरक्की और ग्रह दोष दूर करने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेने के बाद वह उनसे चार हजार रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया।
हबीबगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दानिश नगर निवासी अनुभव खरे (34) अरेरा कॉलोनी में एक कैफे संचालित करते हैं।
शनिवार दोपहर एक व्यक्ति साधु के वेश में उनके कैफे पर पहुंचा। उसने भोजन मांगा और रुपये लेने से इनकार करते हुए खुद को साधु बताया।
बातचीत के दौरान आरोपी ने हाथ की सफाई और चमत्कार दिखाकर अनुभव का विश्वास जीत लिया। कुछ देर बाद उसने अनुभव से कहा कि उनके ग्रह-नक्षत्र अनुकूल नहीं हैं और उन्हें विशेष विधि से ठीक किया जा सकता है।
आरोपी ने अनुभव से पर्स में रखे चार हजार रुपये अपनी हथेली पर रखने को कहा। देखते ही देखते उसने रुपये गायब कर दिए और दावा किया कि कुछ समय बाद वे अपने-आप वापस मिल जाएंगे।
इसके बाद आरोपी ने अनुभव की सोने की अंगूठी भी उसी प्रक्रिया के नाम पर ले ली। उसने भरोसा दिलाया कि एक घंटे बाद नकदी और अंगूठी दोनों वापस मिल जाएंगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस दौरान किसी को इसकी जानकारी दी तो पूजा निष्फल हो जाएगी और अशुभ परिणाम होंगे।
करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद जब बाबा वापस नहीं लौटा, तब अनुभव को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने हबीबगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

