बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी भोपाल के आनंद नगर इलाके में शनिवार तड़के एक सड़क हादसा सामने आया। आकाशवाणी कार्यालय के सामने एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। इसके बाद यह बिजली के खंभे को सहारा देने के लिए लगाए गए स्टील के सपोर्ट वायर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि मजबूत स्टील वायर टूटा नहीं और कार का भार संभालता रहा, जिससे चालक की जान बच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे हुई। कार चालक भोपाल से रायसेन मार्ग की ओर जा रहा था।
आकाशवाणी कार्यालय के पास अचानक साइड से गुजर रहे एक अन्य वाहन से बचने के चक्कर में चालक ने कार को कट मारा। इससे कार सीधे सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टकराने के बाद घबराहट में चालक का पैर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर ही दबा रह गया। परिणामस्वरूप, कार अत्यधिक रफ्तार में आगे बढ़ी और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल के डबल स्टील सपोर्ट वायर पर जाकर चढ़ गई।
बिजली के खंभे का स्टील वायर बेहद मजबूत था, जिसने कार का पूरा वजन उठा लिया और वाहन उसी पर अटका रहा। हादसे में कार चालक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को वायर से सुरक्षित उतरवाया।

