बुलंद सोच, भोपाल।
‘रंगमंच 2026’ थिएटर व नृत्य महोत्सव शनिवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित किया गया। यह महोत्सव कला, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का अनूठा संगम बन गया, जिसकी थीम ‘रिश्ते, मूल्य और सामाजिक सरोकार’ थी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘आर्ट ऑफ सेवा’ के अंतर्गत चित्रकार इंद्रनील मजूमदार द्वारा तैयार की गई नीम करोली महाराज को समर्पित 30×30 फीट की विशाल लाइव पेंटिंग रही। यह कलाकृति प्रेम, सेवा, करुणा और मानवता का संदेश देती है।
इस कलाकृति का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डॉ. धनंजय शर्मा ने किया।
महोत्सव के संयोजक सुमंत सोनी ने बताया कि इसका उद्देश्य कला के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों की मजबूती, सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम भी है।
महोत्सव में कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अभिनय की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे दर्शकों का मन मोह लिया। नंदिनी राजपूत और दिनेश राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एक 35 मिनट का नाटक रहा, जिसने बदलते सामाजिक परिवेश के बीच 70 वर्ष की पीढ़ी से लेकर नई पीढ़ी तक रिश्तों, संवाद और पारिवारिक मूल्यों को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया।

