BREAKING NEWS
2026-08-01

भोपाल में फर्जी ट्रेडिंग ऐप से दंपती से 26.84 लाख की साइबर ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक दंपती से फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए 26.84 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अहमदपुर निवासी रिंचू राय ने शिकायत में बताया कि कुशल मालवीय ने उन्हें व्हाट्सएप के एक ट्रेडिंग ग्रुप से जोड़ा था। इस ग्रुप का एडमिन खुद को मोहित भारती बताता था। मोहित भारती ने रिटेल और इंस्टीट्यूशनल ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराते हुए एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाया। इसके बाद शेयर और आईपीओ में निवेश कराया गया। बाद में आईपीओ आवंटन और रकम फ्रीज होने का डर दिखाकर अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रुपये ट्रांसफर कराए गए। रिंचू राय ने अपने कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 21.84 लाख रुपये भेजे, जबकि उनके पति पवन मेहरा ने एसबीआई सहित अन्य खातों से 5 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कुल 26.84 लाख रुपये जमा कराने के बाद जब दंपती ने रकम निकालने की कोशिश की, तो ऐप पर जबरन शेयर आवंटित होने लगे और निकासी बंद हो गई। संदेह होने पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो अधिकांश नंबर बंद मिले। पीड़िता ने ई-एफआईआर के साथ बैंक स्टेटमेंट, चैट, स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ब्लिंकिट कस्टमर केयर बनकर 95 हजार की ठगी

अलकापुरी क्षेत्र में 79 वर्षीय रिटायर्ड बैंककर्मी अशिमा मुखर्जी फर्जी कस्टमर केयर के झांसे में आकर 95 हजार रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गईं। उन्होंने ब्लिंकिट से मंगाए गए कांच के कटोरों में से एक के टूटे होने पर गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजकर कॉल किया था। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को ब्लिंकिट का मैनेजर बताते हुए फोटो मंगवाए। इसके बाद उसने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर 10 रुपये ट्रांसफर करने को कहा। 10 रुपये ट्रांसफर करते ही उनका मोबाइल हैंग हो गया और एसबीआई खाते से तीन ट्रांजेक्शन में 40-40 हजार और 15 हजार रुपये, कुल 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर 1.38 लाख की शॉपिंग

कजलीखेड़ा निवासी 29 वर्षीय सुनील सोनार क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर 1.38 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को एक व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर उन्हें फोन किया। उसने बताया कि उनका क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है और उसे चालू रखने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरकर जमा करने को कहा। सुनील के फॉर्म भरते ही उनके दो खातों से क्रोमा के जरिए 1.38 लाख रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एटीएम कार्ड अपडेट के बहाने 45 हजार पार

शाहपुरा क्षेत्र में रहने वाले 57 वर्षीय राकेश मेहरोत्रा साइबर ठगों के झांसे में आकर 45 हजार रुपये गंवा बैठे। मंडीदीप की एक फैक्ट्री में कार्यरत राकेश के पास 27 जुलाई को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए एटीएम कार्ड अपडेट करने की बात कही। इसके बाद व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी गई, जो मोबाइल में नहीं खुली। ठग ने स्क्रीन शेयर करने को कहा। जैसे ही राकेश ने स्क्रीन शेयर की, उनके बैंक खाते से 45 हजार रुपये कट गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।