बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित नर्मदापुरम रोड पर प्रतिष्ठित आईपीएस स्कूल में ‘चड्डी-बनियान गैंग’ ने धावा बोला। बदमाशों ने स्कूल परिसर में घुसकर एक के बाद एक कई कार्यालयों के ताले तोड़े और 3 लाख 92 हजार 280 रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी की गई यह राशि बीते दो दिनों में जमा हुई बच्चों की फीस थी। यह पूरी सनसनीखेज वारदात स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस जांच और शिकायत
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। शक्ति नगर निवासी और स्कूल के मैनेजर प्रदीप पांडेय (62) ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 18 जुलाई की शाम को रोजाना की तरह स्कूल बंद हुआ था। इसके बाद 20 जुलाई की सुबह जब स्टाफ स्कूल पहुंचा, तो वहां चोरी का पता चला। प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल और पीए टू प्रिंसिपल के दफ्तरों के दरवाजों के हैंडल व ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर जांच की गई तो पता चला कि अकाउंट सेक्शन, स्टोर और मुख्य गेट के ताले भी तोड़े गए थे। जब प्रिंसिपल ने अपने कमरे की अलमारी और ड्रॉअर की जांच की, तो उसमें रखी 3.92 लाख रुपये की फीस गायब थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस वारदात ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर की सुरक्षा के लिए दिन में 5 और रात के वक्त 4 सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। रात में चार-चार गार्ड्स की मौजूदगी के बावजूद चोर बेखौफ होकर परिसर में दाखिल हुए, कई दफ्तरों के ताले तोड़े, इत्मीनान से नकदी समेटी और वहां से निकल भागे। इस दौरान किसी भी गार्ड को भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि वारदात के समय सुरक्षाकर्मियों की क्या गतिविधियां थीं और क्या इसमें किसी अंदरूनी व्यक्ति या गार्ड्स की लापरवाही शामिल है।
