बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित महिंद्रा के सीआई ऑटोमोटर्स शोरूम से एक स्कॉर्पियो चोरी होने का मामला सामने आया है।
वाहन मालिक सर्विस और बॉडी रिपेयर का काम पूरा होने के बाद अपनी गाड़ी लेने शोरूम पहुंचा, जहां उसे पार्किंग से वाहन गायब मिला। चोरी हुई स्कॉर्पियो की कीमत लगभग 11.75 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस घटना से शोरूम प्रबंधन और ग्राहक दोनों सकते में आ गए। काफी तलाश के बाद वाहन का पता नहीं चलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
अशोका गार्डन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस शोरूम परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन चोरी करने वाले की पहचान की जा सके। साथ ही, शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था और वाहन की निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।

