BREAKING NEWS
2026-08-03

भिंड के खितौली में पूर्व सरपंच शब्बीर खान की गोली मारकर हत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

गोहद थाना अंतर्गत खितौली गांव में रविवार सुबह एक पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात सैय्यद वली की दरगाह के पास हुई, जहां जमीन और पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर विवाद के बाद फायरिंग होने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को स्वजन तत्काल गोहद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खितौली निवासी 52 वर्षीय शब्बीर खान पुत्र सोहराब खान वर्ष 2015 से 2022 तक ग्राम पंचायत खितौली के सरपंच रहे थे।
रविवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित सैय्यद वली की दरगाह पर गए थे।
इसी दौरान वहां उनके भानजे हफीज खान और फरमान खान मिल गए, जिसके बाद जमीन और पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोप है कि भानजों ने शब्बीर खान पर कट्टे से फायर कर दिया, जिससे गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल गोहद अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन एवं पुरानी रंजिश से संबंधित सामने आया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement