BREAKING NEWS
2026-08-14

भाजपा विधायक अजय विश्नोई के भोपाल के चार इमली स्थित बंगले में चोरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के हाई-सिक्योरिटी जोन चार इमली में जबलपुर के पाटन से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सूने सरकारी बंगले के ताले तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है। राजधानी के इस अति-सुरक्षित क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था को धता बताया।

Advertisement

विधायक का बंगला स्पेशल डीजी अजय शर्मा के सरकारी आवास के ठीक सामने स्थित है। इसके बावजूद, दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई वारदात की भनक आसपास किसी को नहीं लग सकी। बदमाश बंगले से नल की टोंटियां समेत अंदर रखा अन्य सामान भी ले गए।

अजय विश्नोई महीने में तीन-चार दिन ही भोपाल आते हैं, और बाकी समय उनका सरकारी बंगला सूना रहता है।

रविवार को बंगले पर पहुंचने पर विधायक विश्नोई को मुख्य दरवाजे और अन्य स्थानों के ताले टूटे मिले। चोरों ने जिन दरवाजों के ताले नहीं तोड़ पाए थे, उनके कुंदे उखाड़ दिए थे। अंदर जांच करने पर नल की टोंटियां और अन्य सामान गायब पाया गया।

इसके बाद उन्होंने विधानसभा को सूचना दी, जहां से हबीबगंज पुलिस को जानकारी दी गई।

पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

चार इमली में हुई इस चोरी की घटना ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाई-सिक्योरिटी जोन होने के बावजूद, घटनास्थल और आसपास के ऐसे हिस्सों में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, जिनसे पुलिस को चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

पुलिस अब आसपास के निजी मकानों और उपलब्ध कैमरों के फुटेज खंगालने की बात कह रही है।

यह सवाल भी उठ रहा है कि जब चार इमली में मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारियों के बंगले हैं, तो यहां पर्याप्त कैमरे क्यों नहीं लगाए गए हैं। पुलिस की नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है, और क्या सूने सरकारी बंगलों की निगरानी के लिए कोई विशेष व्यवस्था है, यह भी प्रश्नचिन्ह है।

सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि स्पेशल डीजी के बंगले के ठीक सामने चोरी करने पहुंचे बदमाश बिना किसी रोक-टोक के कैसे निकल गए।

पूर्व में हुई वारदातें

नवंबर 2025 में, चार इमली स्थित डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह के सरकारी आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया था। उस वारदात में बदमाश घर से सोने-चांदी के जेवर और घड़ियां चोरी कर ले गए थे। अलका सिंह पति का इलाज कराकर घर लौटीं, तब उन्हें वारदात का पता चला था। पुलिस इस प्रकरण में आरोपितों तक नहीं पहुंच सकी थी।

इससे पूर्व, 25 सितंबर 2025 को भी चार इमली के हाई-सिक्योरिटी इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने इंटेलिजेंस विंग के आइजी डा. आशीष से दो मोबाइल फोन झपट लिए थे। आरोपितों ने एक मोबाइल गोविंदपुरा क्षेत्र में जमीन में गाड़ दिया था। आइजी आशीष रात में अपनी पत्नी के साथ सड़क पर टहल रहे थे, तभी यह वारदात हुई थी।