बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर के माधौगंज स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रभु उपहार भवन में देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ किया गया। सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गुरुवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित किया।
मंत्री कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि नशे से मुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव है।
उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंत्री कुशवाह ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया और सभी नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
मंत्री कुशवाह ने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश भी दिया।
इस कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आदर्श दीदी, पार्षद अनिल साँखला, अमर कुटे, सेंट्रल ब्यूरो ऑफिस के डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर ब्रिजेन्द्र चौधरी और राजयोगी बीके प्रहलाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

