बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।
छिंदवाड़ा शहर के खापाभाट औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कुरकुरे (स्नैक्स) बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
आग में फैक्ट्री की मशीनें, पैकिंग सामग्री, तैयार माल और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
आग लगने की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं।
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पॉलिथीन, पैकिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फैक्ट्री अमित मिश्रा की बताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी है। वास्तविक नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।

