BREAKING NEWS
2026-07-31

दमोह के तारादेही-कोपा देवरी क्षेत्र में धरती हिली, लोग नींद में बिस्तर से गिरे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, तेंदूखेड़ा।

दमोह जिले के तारादेही और कोपा देवरी क्षेत्र में अचानक धरती हिलने से स्थानीय लोग घबरा गए। ग्रामीणों ने बताया कि रात में सोते समय उनके पलंग अपने आप हिलने लगे, जिससे कई लोग नींद में ही पलंग से नीचे जमीन पर गिर गए।

Advertisement

तारादेही और आसपास के गांवों, विशेषकर कोपादेवरी के अनेक ग्रामीणों ने दो बार हल्के झटके महसूस होने की जानकारी दी है। इन झटकों के दौरान घरों में रखे बर्तन और अन्य सामान भी हिलते हुए महसूस किए गए।

प्रत्येक झटका लगभग दो सेकंड तक महसूस हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों झटकों के बीच लगभग 10 सेकंड का अंतर था।

तारादेही निवासी प्रमोद जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि रात करीब तीन बजे उन्हें अचानक तेज झटका महसूस हुआ और वे पलंग से गिरने से बाल-बाल बचे। खड़े होने पर उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो उनका संतुलन बिगड़ रहा हो और वे गिर जाएंगे।

कोपा देवरी के ग्रामीण परसू यादव ने बताया कि रात लगभग तीन बजे झटके के दौरान उनका बेटा पलंग से नीचे गिर गया।

गुठ्ठल गोंड ने बताया कि वे रात में सो रहे थे, तभी अचानक वे पलंग से नीचे गिर गए और उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे पूरा घर तथा आसपास की चीजें हिल रही हों।

सोमवार-मंगलवार की रात्रि की यह घटना मंगलवार को पूरे दिन तारादेही ग्राम में चर्चा का विषय बनी रही। कुछ लोगों ने कंपन महसूस होने की बात कही, जबकि कुछ ने बताया कि अचानक छत हिली थी। समझदार लोगों ने भी रात्रि में संतुलन बिगड़ने की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपन तो हुई थी और महसूस भी हुई, परंतु जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।

ग्रामीण क्षेत्र में इस दौरान तेज बारिश का दौर भी जारी रहा। ग्रामीणों ने इन घटनाओं को भूकंप के हल्के झटके होने की पुष्टि की है। दर्जनों लोग इन झटकों को महसूस होने की बात पर अपनी सहमति दे रहे हैं।