BREAKING NEWS
2026-07-29

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर हमला: ‘भाजपा ने खत्म किया डकैतों का आतंक’

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बसई में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। यह सभा दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित की गई थी।
उन्होंने ग्वालियर-चंबल अंचल के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2003 तक कांग्रेस की सरकारें रहीं। उस समय क्षेत्र में डकैतों का आतंक था तथा अपहरण और हत्याओं का भय बना रहता था।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब भाजपा सरकार आई तो उन्होंने अपने मुख्यमंत्रीकाल में यह ठान लिया था कि मध्य प्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान, दोनों एक साथ नहीं रह सकते।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासन के समय प्रदेश में सड़कों की हालत खराब थी और पूरा प्रदेश अंधेरे में डूबा हुआ था। भाजपा सरकार ने इन क्षेत्रों में लगातार काम किया।
अपने चिर-परिचित अंदाज में लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण की शुरुआत में कहा कि बसई तो उनके दिल में बसता है। उन्होंने मंच से फिल्मी गाने की लाइन ‘तुमसे मिलने को दिल करता है बाबा’ कहकर जनता का अभिवादन भी किया।
सभा के दौरान भीड़ में मौजूद युवाओं ने शिवराज सिंह चौहान से ‘आई लव यू, मामा’ कहा। इस पर शिवराज ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया ‘आई लव यू टू’। उन्होंने आगे कहा कि बहुत दिनों से आप सबकी याद आ रही थी। इसके बाद उन्होंने युवाओं की ओर फ्लाइंग किस दी तो समर्थकों ने जमकर तालियां बजाईं।

Advertisement

प्रहलाद पटेल का संबोधन

सभा में सबसे पहले ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि ढाई साल पहले जो चूक हुई है, उसे सुधारने का मौका आ गया है।
उन्होंने कहा कि अबकी बार कांग्रेस के भ्रम में नहीं फंसना है तथा इस बार विकास को चुनना है।