बुलंद सोच।
ओडिशा के बालासोर जिले में मार्कोना रेलवे स्टेशन पर खड़ी धौली एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लग गई। इस घटना में पश्चिम बंगाल के हावड़ा जंक्शन से ओडिशा के पुरी जाने वाली ट्रेन संख्या 12821 धौली एक्सप्रेस के एसएलआरडी (सीटिंग-कम-लगेज रेक) कोच में रात करीब 10.45 बजे धुआं देखा गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। ईस्ट कोस्ट रेलवे की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक यात्रियों या रेलवे कर्मचारियों को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी है।
सूचना मिलने के बाद प्रभावित रैक को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
आग और धुएं के कारण की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक जांच पूरी करने के बाद, प्रभावित एसडीआरएल कोच को ट्रेन से अलग कर ट्रेन को रात 11:52 बजे मार्कोना स्टेशन से आगे की यात्रा के लिए हरी झंडी दिखा दी गई।
बेंगलुरु में कैब चालकों के बीच झड़प
कर्नाटक पुलिस ने 27 जुलाई को बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 11 बजे चौडेश्वरी नगर में तेज ड्राइविंग विवाद में एक कैब चालक ने दूसरे को गाड़ी के बोनट पर करीब एक किलोमीटर तक घसीटा।
यह घटना तब हुई जब आरोपी अनंत तेज गति से गाड़ी चला रहा था। दूसरे चालक मंजूनाथ ने उसे रोका और पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित किया।
शिकायत से नाराज अनंत ने मंजूनाथ पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह बोनट पर आ गया और उसे घसीटता रहा। इस दौरान एक आवारा कुत्ता भी घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने गाड़ी रोककर अनंत को पकड़ा, पर वह पुलिस के आने से पहले भाग गया।
अनंत 26 जुलाई को पुलिस के सामने पेश हुआ, जिसका अल्कोहल टेस्ट नेगेटिव आया।
मंजूनाथ और अनंत ने बाद में समझौता किया, पर पुलिस ने अनंत पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

