बुलंद सोच, दतिया।

भांडेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिरिया साहब में पारिवारिक क्लेश के चलते एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। यह घटना रविवार शाम करीब चार बजे की है, जब जसमंत दोहरे मजदूरी कर घर लौटे थे।
जसमंत दोहरे ने शराब पी रखी थी, जिस पर उनकी पत्नी रूपा से विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद मात्र चार सौ रुपये को लेकर हुआ था। जसमंत का इसी रुपये को लेकर पत्नी से मुंहवाद हो गया। पत्नी रूपा गुस्से में आकर पास रखे डंडे से जसमंत के साथ गंभीर मारपीट कर दी, जिससे उनके सिर में चोट लगने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी गांव के कोटवार इंद्रपाल परिहार ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सपना शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की। घटना को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रही आरोपी पत्नी रूपा को गांव से कुछ दूरी पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने आरोपी रूपा को भांडेर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में रूपा की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडे को घर से बरामद कर लिया गया। महिला के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जसमंत और रूपा की शादी को लगभग 13 वर्ष हो गए थे और उनका आठ साल का एक बेटा भी है। जब तक अन्य स्वजन बालक को लेने नहीं आते, तब तक वह पुलिस की निगरानी और सुरक्षा में है। ग्रामीणों के मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और घर वालों ने कई बार इन विवादों को सुलझाया था। मृतक जसमंत घर में बड़े थे, जबकि उनका छोटा भाई दिल्ली में काम करता है और उनके माता-पिता उनसे अलग रहते हैं। घटना के समय घर पर केवल पति-पत्नी और उनका बेटा ही मौजूद थे।

