BREAKING NEWS

जबलपुर स्टेशन पर जीएम के एसी कोच में लगी आग

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह प्लेटफार्म नंबर-6 के पास बॉम्बे होटल की ओर बने वीआईपी गेट के नजदीक खड़े रेलवे के जीएम के आर ए कोच में अचानक आग लग गई, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि वे कोच के ऊपर तक पहुंच गईं और ओएचई तक दिखाई दे रही थीं। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल अमले को जानकारी दी गई, जिसके बाद दो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

Advertisement

रेलवे ने फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, हालांकि सूत्रों के अनुसार कोच में लगे वाई-फाई सिस्टम को सपोर्ट करने वाली बैटरी में गड़बड़ी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बैटरी में हुई तकनीकी खराबी के बाद आग ने तेजी से कोच के अंदर के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कोच के अंदर रखा सामान और उपकरण भी जल गए। नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद रेलवे द्वारा किया जाएगा।

इस घटना ने रेलवे स्टेशन पर आग से निपटने की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि मौके पर आग बुझाने के लिए नगर निगम की दमकल पर निर्भरता नजर आई। यदि आग को समय रहते नियंत्रित नहीं किया जाता तो स्टेशन परिसर में खड़े अन्य कोच और रेलवे के महत्वपूर्ण उपकरण भी इसकी चपेट में आ सकते थे। रेलवे द्वारा घटना की जांच कराई जा रही है और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस कारण लगी तथा सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक हुई थी या नहीं।