बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के विभिन्न वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी सिद्ध हो रहा है। इस मंच के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत दर्ज होते ही जिम्मेदार अधिकारी संज्ञान लेते हुए कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है।
वार्ड 5 में ड्रेनेज लाइन की समस्या का समाधान
वार्ड 5 के दामोदर नगर, नवापुरा निवासी राकेश ने ‘भास्कर समाधान’ पर एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि क्षेत्र की ड्रेनेज लाइन टूटी होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा था। पानी जमा होने से मच्छरों की संख्या बढ़ गई थी और बच्चों के लिए बाहर खेलना भी कठिन हो गया था। यह शिकायत सामने आने के बाद प्रभारी दरोगा विनीत बोयत ने मामले पर संज्ञान लिया और तत्काल मौके पर कार्रवाई कराई। इस समाधान की पुष्टि ऐप पर भी की गई, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली।

अन्य समस्याओं का भी हुआ निराकरण
बड़ी ग्वालटोली क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी ‘भास्कर समाधान’ के माध्यम से दूर की गई। वार्ड 48 के वार्दा विहार अपार्टमेंट, तिलक नगर रोड निवासी अर्पित गोयल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग दो साल से बारिश में जलभराव हो रहा था। इससे मच्छर पनप रहे थे और आवारा कुत्तों की गंदगी भी फैल रही थी। शिकायत के बाद पार्षद विजयलक्ष्मी ए. गौहर ने संज्ञान लिया और समस्या का समाधान सुनिश्चित किया। पार्षद ने इस समाधान की पुष्टि भी ऐप पर की।
लंबित जनसमस्याएं
अनुराग नगर: गैस लाइन खुदाई के बाद सड़क पर जलभराव
वार्ड 30 के एलआईजी लिंक रोड, अनुराग नगर निवासी सलोनी मेहता ने शिकायत की है कि नर्मदा गैस कनेक्शन के लिए हुई खुदाई के बाद उनके घर के सामने के पेवर्स पूरी तरह खराब हो गए हैं। खुदाई के बाद सड़क को ठीक से समतल नहीं किया गया, जिससे बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

भंवरासला: पाइप लाइन डालने के बाद सड़क बदहाल
वार्ड 30 के सिद्धांत निकेतन, भंवरासला निवासी प्रणय बर्मोटा ने शिकायत दर्ज कराई है कि नगर निगम द्वारा पाइप लाइन डालने के बाद मुख्य सड़क की हालत खराब हो गई है। सड़क पर गड्ढे होने से महिलाओं को वाहन निकालने में परेशानी होती है और कई लोग गिर भी चुके हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ओमेक्स सिटी: सालभर से बह रहा चैंबर
वार्ड 18 के अनमोल ईडब्ल्यूएस, ओमेक्स सिटी-1 के निवासियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि बिल्डिंग के बीच स्थित चैंबर लंबे समय से लगातार बह रहा है। चैंबर से गंदगी बाहर आने के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू फैलती है और रहवासियों को परेशानी होती है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, लगभग एक साल से यह समस्या बनी हुई है, परंतु अब तक इसका समाधान नहीं हो सका है।

गोरी नगर: झुके बिजली के खंभे से हादसे का खतरा
वार्ड 36 के मोती नगर, गोरी नगर निवासी नीलेश नाथ ने शिकायत दर्ज कराई है कि जाम के बगीचे के पास लगा बिजली का खंभा पिछले कुछ महीनों से गिरने की स्थिति में है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह रास्ता लगातार इस्तेमाल होता है और यहां बच्चे भी खेलते हैं, ऐसे में खंभे के गिरने से किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।
'भास्कर समाधान' एक डिजिटल मंच
दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की नागरिक समस्याओं को सीधे पोस्ट कर सकते हैं। यह शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर उपयोगकर्ता इसकी जानकारी ऐप पर अपडेट भी कर सकते हैं।

अधिकारियों की भूमिका
इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं। समाधान होने पर वे ऐप के माध्यम से शिकायतकर्ता को इसकी सूचना दे सकते हैं।
बदलाव की पहल
‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना है। इसका लक्ष्य आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना और समस्याओं के समाधान में तेजी लाना है।


