BREAKING NEWS

डिंडौरी के समनापुर में युवक की पत्थर मारकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, डिंडौरी।

डिंडौरी जिले के समनापुर थाना अंतर्गत ग्राम पिपरिया में आपसी विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि रविवार को लगभग साढ़े आठ बजे ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान 32 वर्षीय कमल सिंह मरावी के रूप में हुई।

मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय ग्राम के सुकल सिंह मरावी ने उनके पति के साथ विवाद कर धक्का-मुक्की की थी।

इसके बाद आरोपित ने पीछा कर तालाब के पास उन्हें पकड़ लिया और पत्थर से सिर पर गंभीर प्रहार कर दिया, जिससे कमल सिंह मरावी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आरोपित समीप स्थित जंगल में फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने तत्काल आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपित की संभावित लोकेशन का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए घने जंगल में व्यापक सर्च अभियान चलाया।

लगभग चार से पांच घंटे तक लगातार पतासाजी व जंगल की घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपित सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।

बताया गया कि मृतक और आरोपित के बीच 15 दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपित रंजिश रखने लगा था।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हरिशंकर तिवारी, एसआई लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, एएसआई संतोष यादव, कमल सिंह उइके, खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक भारत लाल बसन्त, राजेश मरावी, संतोष धुर्वे, कृष्णपाल सिंह और आरक्षक सुनील कुमार पट्टा शामिल रहे।