बुलंद सोच, ग्वालियर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में सोमवार दोपहर एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह वारदात भितरवार कस्बे में डबरा रोड स्थित एक होटल के पास हुई।
मृतक की पहचान लगभग 60 वर्षीय अधिवक्ता रतन सिंह यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीन हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रतन सिंह यादव को तत्काल ग्वालियर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
भितरवार एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण उन पर फायरिंग की गई। मृतक के परिजनों के अनुसार, रतन सिंह यादव का अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
