बुलंद सोच, ग्वालियर।
केआरएच के बाल एवं शिशु रोग विभाग में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। वार्ड नंबर तीन में सुबह करीब 7:30 बजे अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। जिस पलंग पर प्लास्टर गिरा, वहां 2 माह की मासूम खुशी सो रही थी। प्लास्टर के कुछ टुकड़े उसके ऊपर गिरे, जिससे उसे हल्की चोट आई। इस घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और स्वजन घबरा गए।
वार्ड में ढाई वर्षीय शिवम पुत्र राजकुमार भर्ती था। सुबह उसकी मां अंजली उसे केनुला निकलवाने के लिए दूसरे पलंग पर ले गई थीं। इसी दौरान शिवम के पलंग पर उसकी दो माह की छोटी बहन खुशी को लिटा दिया गया। कुछ ही मिनट बाद छत का प्लास्टर टूटकर उसी पलंग पर आ गिरा। यदि शिवम उसी पलंग पर होता तो हादसा गंभीर हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ ने एहतियातन दोनों बच्चों को पीआईसीयू ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराई। डॉक्टरों ने बच्चों की स्थिति सामान्य बताई, जिसके बाद उन्हें पुनः वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
अस्पताल प्रबंधन ने हादसे की जांच के बाद संबंधित स्थान का निरीक्षण कराया और मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
इस घटना ने अस्पताल भवनों के रखरखाव और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वजन का कहना है कि अस्पताल के कई हिस्सों में छत और दीवारों की हालत जर्जर है, जिसकी समय रहते मरम्मत नहीं होने से मरीजों और उनके स्वजन की जान जोखिम में बनी रहती है।

